गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल के लैब में कोरोना की जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को किट भी मिल गया है। शुक्रवार को कोरोना की तैयारियों को परखने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल और एमएमजी अस्पताल में टेबल टॉप एक्सरसाइज हुई। इसमें तैयारियों को परखा गया।
कोविड की जांच के लिए जिले को 500 वीटीएम किट मिली है। संयुक्त अस्पताल के लैब में आरटीपीसीआर जांच होगी। एमएमजी अस्पताल में भी मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकों की सलाह पर ही संदिग्ध मरीजों की जांच होगी। निजी अस्पतालों को भी दिशा-निर्देश जारी किया गया है। सभी को कोरोना मरीजों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
दवाओं की उपलब्धता परखी
संयुक्त जिला अस्पताल और एमएमजी अस्पताल में डॉ. शिवि अग्रवाल ने कोविड की तैयारियां परखीं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। आवश्यक दवाएं जैसे पैरासिटामोल, डोक्सीसाइक्लिन, एजिथ्रोमाइसिन सहित चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता देखी। वेंटीलेटर, ऑक्सीजन सिलिंडर, पीएसए प्लांट, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की स्थिति देखी।
इनसेट)
जिले में कोरोना के तीन केस मिले
जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना के तीन नए केस मिले। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 19 है, जिसमें से 17 मरीजों का घर पर और दो मरीजों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि वैशाली निवासी 29 वर्षीय महिला को चार दिनों से सदी-जुकाम और बुखार की शिकायत थी जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा वसुंधरा निवासी 29 वर्षीय महिला और पटेल नगर निवासी 35 वर्षीय पुरुष संक्रमित मिले हैं। इन तीनों का इलाज घर पर ही चल रहा है।