गाजियाबाद। अब सभी कोरोना संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। शुक्रवार को शासन से जारी आदेश में सभी जिलों को यह निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिले के तीनों संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेज दिए गए हैं। शुक्रवार को कोरोना का नया कोई मरीज चिन्हित नहीं हुआ है। वहीं लैब में 60 सैंपल की जांच कराई गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट आने में 10 से 15 दिन का समय लगता है। फिलहाल जो भी संक्रमित मिलेंगे उनके गाइडलाइन के अनुसार सैंपल सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए जाएंगे। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का प्रयोग करने की भी अपील की जा रही है। गाइडलाइन के अनुसार अस्पतालों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाने और कोरोना जांच बढ़ाने जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अस्पतालों में पहुंचने वाले सभी एंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई),सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन (सारी) और खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की अनिवार्य रूप से कोरोना जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं।