गाजियाबाद। पुलिस लाइन में रहने वाली महिला पुलिसकर्मी ने बेटी के मंगेतर सिपाही पर दहेज में 25 लाख रुपये और कार मांगने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार तमाम तैयारियों के बावजूद मंगेतर ने शादी से कुछ दिन पहले ही रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कविनगर थाना पुलिस ने बरेली में तैनात सिपाही और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला आरक्षी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता जनपद बागपत के गांव खेड़ा हटाना इस्लामपुर बड़ौत निवासी दीपक कुमार के साथ किया। दीपक जनपद बरेली के थाना इज्ज्तनगर में डायल 112 पर बतौर सिपाही तैनात है। बताया कि रिंग सेरेमनी और गोदभराई की रस्म दो फरवरी को पूरी की गई। जिसमें 5.50 लाख रुपये, सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपये दान के रूप में दिए गए। 18 अप्रैल को शादी होनी निश्चित की गई।
आरोप है कि सिपाही दीपक ने फोन कर दहेज की मांग की। दीपक और उसके परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया और शादी की तारीख 30 अप्रैल कर दी गई। वहीं, बुकिंग में पीड़िता के लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। आरोप है कि दीपक ने अब शादी से इन्कार कर दिया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर कविनगर पुलिस ने सिपाही दीपक कुमार, ओमप्रकाश, अजय कुमार, ऊषा और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि बीएनएस के अंतर्गत आपराधिक धमकी की धारा 351(2), शांति भंग करने की धारा 352, दहेज मांगने की धारा 4 में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।