महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने बुधवार को पुराना बस अड्डा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूं का। इस दौरान महिला कार्यकर्ता मीना वर्मा का बायां बाजू झुलस गया, जिससे खलबली मच गई। गनीमत रही कि कांग्रेसियों ने तत्परता दिखाते हुए जल्द ही आग बुझा ली।
इसके बाद कांग्रेसी कलक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ डीएम को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति को भेजे इस ज्ञापन में केंद्र सरकार पर जनता से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया।
घटना सुबह करीब साढे़ 11 बजे की है। महंगाई के साथ ही विभिन्न जन समस्याओं के विरोध में जिला कार्यालय से कांग्रेसी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट रवाना हुए। बस अड्डा चौक पर कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक दिया।
इसी दौरान अर्थला की रहने वाली मीना के कपड़ों में आग लग गई। मीना चिल्लाते हुए भागी तो कांग्रेसियों ने तत्काल ही बाजू में लगी आग को बुझाया। मीना मामूली रूप से झुलस गई।
मीना ने बताया कि पुतला दहन के वक्त हवा की वजह से उनके कपड़ों में चिंगारी लग गई, जिससे बायां बाजू झुलस गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरेंद्र कसाना ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा द्वारा किए गए वादे पूरे न किए जाने से जनता हताश है। पेट्रोल, डीजल, गैस और दालों के दाम बढ़ जाने से आम आदमी तंग है।
ज्ञापन के जरिए राष्ट्रपति से मांग की गई है कि लोकसभा चुनाव के समय किए गए वादों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार को निर्देशित करें। इस दौरान पूर्व सांसद सुरेंद्र गोयल, सतीश त्यागी, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे।