मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए यूपी के पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी ने भी आखिर भाजपा का लड्डू चख ही लिया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने रविवार को पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।
सपा, बसपा और कांग्रेस में रहे राजपाल त्यागी का मुरादनगर विधानसभा में जबरदस्त जनाधार रहा है। इस सीट से पार्टी के साथ ही वह निर्दलीय भी चुने जा चुके हैं। विगत दिनों उनके बेटे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रहे अजित पाल त्यागी ने भाजपा का दामन थामा था।
इसी के चलते अजित को भाजपा ने अपना मुरादनगर से प्रत्याशी घोषित कर रखा है। अब राजपाल त्यागी भी रविवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
बता दें कि राजपाल त्यागी वर्ष 2003 से 2007 तक कैबिनेट मंत्री, 2008 से 2012 तक मुरादनगर क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मंत्री का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है।