गाजियाबाद जिले के मसूरी क्षेत्रांतर्गत आने वाले गांव से एक नाबालिग किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फूसलाकर भगा ले जाने का गम्भीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किशोरी की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री बीती पांच अप्रैल की रात को परिवार के साथ घर पर सोई हुई थी। देर रात लगभग डेढ़ बजे जब उनके पति की आंख खुली, तो उन्होंने देखा कि उनकी पुत्री बिस्तर पर नहीं थी। परिजनों ने अपनी बेटी की तलाश शुरू की, लेकिन काफी ढूंढने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला।
तहरीर के मुताबिक, बाद में गांव के ही कुछ लोगों से परिजनों को जानकारी मिली कि उनकी बेटी को गांव का ही युवक बहला-फूसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। किशोरी की मां ने थाना मसूरी पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।