गाजियाबाद। चार छात्र छात्राओं ने दुहाई स्थित निजी कॉलेज के प्रबंधन पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में लखनऊ में भी उच्चाधिकारियों से शिकायत की है।
घूकना निवासी छात्रा पलक ने बताया कि उन्होंने विजयनगर की कशिश, सानिया व गजेंद्र के साथ बीएसएसी नर्सिंग में दाखिला लेने के लिए दुहाई स्थित कॉलेज में संपर्क किया था। वहां पहुंचने पर कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि चारों की पढ़ाई दुहाई स्थित कॉलेज में ही होगी। बस उनको परीक्षा के दौरान अमरोहा स्थित काॅलेज में जाना होगा। इसके बाद कुछ दिन तक कक्षाएं दुहाई में कराई गईं और परीक्षाएं अमरोहा में हुईं लेकिन अब दुहाई में पढ़ाई बंद करा दी गई और अमरोहा के कॉलेज से हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने के लिए फोन आ रहे हैं। पढ़ाई कराने के लिए दुहाई के कॉलेज वाले मना कर रहे हैं। जबकि अमरोहा के कॉलेज में रहकर पढ़ाई करने से उनका आर्थिक नुकसान होगा और परेशानी भी बढे़गी। पलक के पिता रामनिवास वर्मा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। चार बच्चों के भविष्य से कॉलेज वाले खिलवाड़ कर रहे हैं।