अब भीड़ में कोच तलाशने के चक्कर में यात्रियों की ट्रेन नहीं छूटेगी। पुराना गाजियाबाद स्टेशन पर हाल ही में लगाए गए कोच इंडिकेटर बुधवार को चालू हो जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर-1/2 पर वाटर एटीएम भी तैयार कर दिया गया है। बुधवार को स्थानीय सांसद व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह इनका शुभारंभ करेंगे। इससे पहले दिल्ली डिवीजन के एडीआरएम (टैक्नीकल) आरपी गुप्ता ने स्टेशन का निरीक्षण किया।
गाजियाबाद स्टेशन पर प्रतिदिन तकरीबन पौने दो सौ से ज्यादा यात्री ट्रेनों का आवागमन होता है। बावजूद इसके यहां कोच इंडिकेटर नहीं लगे थे। होली-दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ ज्यादा होने की वजह से यात्रियों के लिए अपने कोच तलाश पाना मुश्किल हो जाता है। महज दो मिनट के स्टॉपेज टाइम में कोच तलाशकर ट्रेन में सवार होना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती रहती थी।
रेलवे ने प्लेटफार्म पर अब डिजीटल कोच इंडिकेटर लगाए हैं। कंप्यूटराइज्ड कोच इंडिकेटर हर ट्रेन के मुताबिक उनकी लोकेशन डिस्प्ले करेंगे, ताकि यात्रियों को दूर से ही दिखाई दे जाए। प्लेटफार्म नंबर-1/2 और 3/4 इंडिकेटर लगकर तैयार हो चुके हैं। वहीं पूर्व घोषणा के मुताबिक रेलवे ने स्टेशन पर यात्रियों को सस्ता आरओ फिल्टर्ड पानी मुहैया कराने के लिए वाटर एटीएम लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।
फिलहाल एक प्लांट बनाकर तैयर कर लिया गया है। रेलवे के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को केंद्रीय मंत्री वीके सिंह कोच इंडिकेटर और वाटर प्लांट दोनों का उद्घाटन करेंगे।