गाजियाबाद। संयुक्त अस्पताल में मंगलवार को उस समय स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए, जब अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अशोक कुमार तालियान सूचना देकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता मौके पर नहीं मिले। शासन के निर्देश पर ट्रॉमा सेंटर के लिए फर्नीचर और अन्य जरूरी संसाधनों की खरीद के वास्तविक आकलन कर बजट प्रस्ताव दोबारा भेजा जाना था। ऐसे में निरीक्षण के लिए पहुंचे अपर निदेशक को सीएमएस के बजाय अस्पताल की व्यवस्थाएं ही मिलीं। सीएमएस के मौजूद नहीं होने पर अपर निदेशक ने नाराजगी जताते हुए इसकी जानकारी सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य को दी।
बता दें संयुक्त अस्पताल की ओर से ट्रॉमा सेंटर के फर्नीचर और अन्य संसाधनों के लिए जो बजट प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, वह निर्धारित मानकों के मुकाबले कई गुना अधिक था। शासन ने प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए वास्तविक जरूरत के आधार पर बजट तैयार कर दोबारा भेजने के निर्देश दिए थे। इसी सिलसिले में अपर निदेशक स्वास्थ्य अस्पताल पहुंचे थे, ताकि मौके पर संसाधनों की स्थिति देखकर संभावित बजट तैयार कराया जा सके। सीएमएस के अस्पताल में नहीं मिलने के बाद मामला सीएमओ कार्यालय तक पहुंचा। सीएमओ ने अपर निदेशक के साथ कार्यालय में बैठकर ट्रॉमा सेंटर के लिए जरूरी संसाधनों और फर्नीचर का संभावित बजट तैयार कराया। वहीं सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि उन्हें अपर निदेशक के अस्पताल पहुंचने की जानकारी नहीं मिली थी। हालांकि सीएमओ कार्यालय की ओर से बताया गया कि सीएमएस को फोन पर जानकारी दी गई थी और उन्होंने अस्पताल से सीएमओ कार्यालय जाने की बात कही थी।