हज हाउस के जायरीनों, लैपटॉप और साइकिल हासिल करने वाले मेधावी छात्रों के इंतजार की घड़ियां खत्म होने जा रही हैं। अपनी झोली में यह सभी सौगातें लेकर यूपी के ‘सरकार’ अखिलेश यादव सोमवार को गाजियाबाद आ रहे हैं। चार दिन पहले ही अखिलेश यादव ने अपने इस कार्यक्रम को हरी झंडी दे दी थी। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत करीब सवा दो घंटे सीएम अखिलेश यादव गाजियाबाद में रहेंगे।
हज हाउस परिसर में पौधरोपण से उनके कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री हिंडन किनारे बने हज हाउस का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मेधावी बच्चों को लैपटॉप और साइकिल वितरित करेंगे।
सीएम के दौरे को लेकर सरकारी मशीनरी भी बीते कई दिनों से सतर्क दिख रही है। पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी भी रविवार से ही गाजियाबाद में कैंप किए हुए हैं।
रविवार होने के बावजूद कलक्ट्रेट खुला और अधिकारी प्रशासनिक कार्य करते नजर आए। उधर, कार्यक्रम स्थल हज हाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सीएम सुरक्षा में लगाई गई है। इसके अलावा सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक जीटी रोड पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाते हुए यहां डायवर्जन लागू कर दिया गया है।
भाजपा समेत कई संगठनों के विरोध का करना पड़ सकता है सामना
हज हाउस के उद्घाटन को लेकर सीएम को भाजपा समेत कई संगठनों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. रमेशचंद तोमर और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा का कहना है कि हज हाउस का विरोध भाजपा पहले ही दिन से करती आ रही है। सिर्फ एक माह के लिए प्रयोग होने वाली इमारत में कंस्ट्रक्शन लागत ही 51.30 करोड़ रुपये आई है।
यह निश्चित रूप से जनता के धन की बर्बादी है। सरकार सिर्फ एक धर्म विशेष के लोगों और अपने एक कैबिनेट मंत्री को खुश करने की नीयत से यह काम कर रही है। इसका निश्चित तौर पर विरोध किया जाएगा।इसके अलावा वेव सिटी से प्रभावित किसानों ने भी सीएम दौरे पर विरोध जताने की बात कही है। शिवसेना भी सीएम के इस कार्यक्रम का विरोध जताने की तैयारी में है।
मेयर-पार्षदों ने डीएम से की मांग: दशमेश वाटिका और कांवड़ विश्राम भवन का भी सीएम करें शिलान्यास
हज हाउस के उद्घाटन के साथ ही अब दशमेश वाटिका, कैलाश मानसरोवर यात्री और कांवड़ यात्रियों के भवन की मांग भी शुरू हो गई है। रविवार को मेयर अशु वर्मा और उनके साथ 11 पार्षदों का एक दल डीएम से मिला। मेयर का कहना था कि जिस स्थान पर हज हाउस निर्मित है, उससे मात्र 300 मीटर की दूरी पर ही दशमेश वाटिका और कांवड़ यात्री भवन की प्रस्तावित जमीन है।
सीएम को चाहिए कि इन भवनों का शिलान्यास करें, जिससे गाजियाबाद के सभी वर्गों को इसका लाभ मिले। डीएम निधि केसरवानी ने मेयर के ज्ञापन को सीएम आफिस तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। मेयर के साथ गए पार्षदों में अजय शर्मा, हिमांशु मित्तल, प्रवीण चौधरी, मनवीर नागर, शिवकुमार अग्रवाल, राजकुमार नागर, धीरेंद्र यादव, राजेंद्र तितोरिया आदि शामिल रहे।