गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र की शास्त्रीनगर स्थित बागवाली कॉलोनी में कपड़े की दुकान करने वाले दंपती पर दो भाइयों ने हमला कर दिया। महिला पर पंखा उठाकर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना का वीडियो वायरल होने पर कविनगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बागवाली कॉलोनी में विकास चौहान कपड़ों की दुकान करते हैं। विकास चौहान के मुताबिक रविवार की शाम को वह और उनकी पत्नी दुकान पर थे। इसी दौरान आरोपी विवेक उर्फ लड्डू और उसका भाई विक्की शर्मा दुकान पर पहुंचे और दंपती से गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी पर लात-घूसों से प्रहार किया और दुकान में रखा पंखा उठाकर दे मारा। इससे उनकी पत्नी घायल हो गई। विरोध करने पर दोनों भाइयों ने विकास चौहान पर भी हमला बोल दिया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी हत्या की धमकी देकर मौके से भाग गए।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस चौकी पर उन्होंने रविवार की शाम को ही दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी थी। हालांकि तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
जबकि दोनों आरोपी नामजद भाइयों के मोबाइल भी खुले हैं। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।