शहर में सिर्फ छोटे नाले ही नहीं बड़े नालों की स्थिति भी खराब है। कविनगर, पटेल नगर, शास्त्री नगर, वैशाली, ब्रिज विहार समेत बड़े नालों की सफाई अभी शुरू भी नहीं की है। इन बड़े नालों की सफाई में कम से कम एक महीने का समय लगेगा। ऐसे में मानसून आने से पहले बड़े नालों की सफाई कराना भी संभव नहीं होगा।
निगम ने तकरीबन एक महीना लेट अब बड़े नालों की सफाई की तैयारी शुरू की है। 24 मई को इन नालों के लिए कॉल किए गए टेंडर खोले जाएंगे। मई के अंतिम सप्ताह से सफाई शुरू हो सकेगी। निगम अधिकारियों ने 20 मई तक बड़े नालों की कांट्रेक्ट पर सफाई शुरू कराने का दावा किया था।
उनका कहना था कि 15 जून तक सभी नाले साफ कर लिए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया में देरी होने की वजह से अब सफाई की प्रक्रिया भी करीब 10 दिन और लेट हो जाएगी। ऐसे में अब सभी नाले 15 जून तक साफ नहीं हो पाएंगे।
अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा का कहना है कि 24 मई को टेंडर ओपन करने के बाद जल्द से जल्द वर्क आर्डर जारी कर सफाई शुरू करा दी जाएगी।
तत्काल उठेगी सिल्ट
निगम अधिकारियों का कहना है कि नालों से निकलने वाली सिल्ट को तत्काल ट्रॉलियों और गाड़ियों में भरकर डंपिंग साइट तक पहुंचाया जाएगा। ताकि बारिश में सिल्ट न बह सके। उनका कहना है कि निगम ने सफाई के लिए टीमें भी तैयार कर दी हैं।