गाजियाबाद। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार शाम चावल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाइवा से टकरा गया। हादसे में क्लीनर की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हैं। चालक और क्लीनर आपस में चाचा-भतीजे थे। चाचा की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसा ग्राम इनायतपुर के पास शाम करीब चार बजे हुआ। ट्रक में मौजूद चालक मध्यप्रदेश में जनपद सतना के सोहागल गांव निवासी सुंदरलाल केवट और उनका भतीजा राघवेंद्र केवट (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हीं के गांव में रहने वाला राजेश हादसे के समय ट्रक की पिछली सीट पर मौजूद था, इसलिए मामूली जख्मी हुआ।
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से डासना स्थित सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पिता लक्ष्मी केवट ने बताया कि राघवेंद्र ट्रक में क्लीनर था। चाचा-भतीजे मध्यप्रदेश के कटनी से ट्रक में चावल लादकर पंजाब के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि हाईवा का नंबर नोट कर लिया गया है और पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है। हाइवा चालक हादसे के बाद वाहन लेकर दुर्घटनास्थल से भाग गया।
एक्सप्रेसवे पर लगा जाम
हादसे के बाद ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। चावल के कई बोरे सड़क पर जा गिरे। इससे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर वाहनों की कतार लग गई। वेव सिटी पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को जेसीबी से सड़क किनारे खड़ा कराया। इसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
मृतक पुष्पेंद्र का फाइल फोटो