लोनी। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह घर से बाइक पर पानी लेने के लिए निकले दोस्तों की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस दूसरी बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित कमल किशोर निवासी तिलक राम कालोनी ने बताया कि वह पत्नी किरण, बेटा विशाल, कृष्ण व बेटी तानिया के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा नौ में पढ़ने वाला 15 वर्षीय बेटा कृष्ण सुबह करीब साढ़े 11 बजे पड़ोस में रहने वाले युवक वंश के साथ बाइक से दूसरी सोसायटी से पीने का पानी लेने के लिए घर से निकला था। जब वह नहर मार्ग उत्तरांचल सोसायटी के सामने पहुंचा। उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। इस घटना में कृष्ण व उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय कृष्ण बाइक पर पीछे की सीट पर सवार था। परिजनों ने दोनों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान कृष्ण की मौत हो गई, जबकि उसका साथी वंश गंभीर है। एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि परिवार की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं आई है। हालांकि दूसरी बाइक पर सवार 23 वर्षीय युवक को हिरासत में ले लिया है।
हादसे के दौरान नहीं लगाया था दोनों ने हेलमेट
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में पता चला कि बाइक सवार दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक ने हेलमेट लगा रखा था, जिसके चलते उसे गंभीर चोट नहीं आई। एसीपी का कहना है कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी कर रही है, जिससे मामले को स्पष्ट किया जा सके।