फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: 10वीं की छात्रा को अगवा कर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

विज्ञापन
मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी मुजाहिद व सलीम अख्तर। स्रोत: पुलिस - फोटो : प्रतीकात्मक।
विज्ञापन
गाजियाबाद/मसूरी। 10वीं कक्षा की छात्रा को मसूरी थाने के पास से अगवा कर अधेड़ उम्र के दो आरोपियों ने चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को कार में लेकर आरोपी करीब सात घंटे तक शहर की सड़कों पर घूमते रहे। इसके बाद देर रात उसको बदहवास हालत में एनएच-9 के किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़िता अगले दिन किसी तरह अपने घर पहुंची।
विज्ञापन

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो, सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों 45 वर्षीय मुजाहिद और 48 वर्षीय सलीम अख्तर निवासी आजमपुर दहपा, पिलखुवा (हापुड़) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त हैं और साथ में ईंट भट्ठे का कारोबार करते हैं। आरोपी मुजाहिद पिलखुवा थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
मसूरी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बुलंदशहर निवासी अपने परिचित की बेटी को गोद लिया था। वर्तमान में किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष है। 27 जुलाई को वह किसी काम से घर से निकली थी। शाम करीब साढ़े सात बजे वह मसूरी थाने के पास एनएच-9 की सर्विस रोड के किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान अर्बन क्रूजर कार सवार आरोपियों ने उसे अकेला देखकर अगवा कर लिया।
विज्ञापन

पीड़िता के अनुसार, आरोपी करीब सात घंटे तक उसे एनएच और शहर के अन्य रास्तों पर कार में घुमाते रहे। इस दौरान उन्होंने उसे डराया-धमकाया और दुष्कर्म किया। इससे किशोरी बदहवास हो गई। उसने जब आरोपियों के खिलाफ शिकायत करने की बात कही तो देर रात करीब ढाई बजे उसे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास सड़क किनारे फेंककर भाग गए।
28 जुलाई की सुबह किसी राहगीर की मदद से किशोरी घर पहुंची। उसकी हालत देखकर मां को अनहोनी का अंदेशा हुआ। बार-बार पूछने पर उसने पूरी घटना बताई, जिसके बाद वह उसे लेकर थाने पहुंचीं।

शीशों पर सन शेड लगाकर बंद कर दी कार
किशोरी ने बताया कि आरोपियों ने अचानक उसे कार में खींच लिया। उसने कार से बाहर निकलने का प्रयास किया तो उन्होंने दरवाजे लॉक कर दिए। कार के शीशों पर सन शेड लगी हुई थी, जिससे बाहर से अंदर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले उसे लालच देने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी मुजाहिद ने जान से मारने की धमकी दी। इससे वह डर गई। कार में वह चीखती रही और आरोपियों से छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। पीड़िता की मां ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

घटना के बाद घर जाकर सो गए आरोपी
एसीपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और एनएच-9 समेत अन्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कार नंबर और किशोरी से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद रविवार को दोनों आरोपियों को मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पिलखुवा में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे शाम को घूमने निकले थे। किशोरी को अकेला देखकर उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी बड़े हो चुके हैं। घटना के बाद दोनों आरोपी अपने घर जाकर आराम से सो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें