गाजियाबाद। कुख्यात अनिल दुजाना का गुरु बताने वाले बलराम यादव ने मदन स्वीट्स के मालिक ब्रह्मपाल यादव को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। दो मिनट बाद ही कॉलर ने लोहा मंडी के कारोबारी अभिषेक गोयल को फोन कर 25 लाख रुपये का इंतजाम करने की धमकी दी। रंगदारी न देने पर परिवार सहित गोलियों से भूनने की धमकी दी। दोनों पीड़ितों ने कविनगर और सिहानी गेट थाने में मुकदमे दर्ज कराए हैं।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि राकेश मार्ग स्थित मदन स्वीट्स एंड रेस्तरां के मालिक ब्रह्मपाल यादव के मोबाइल फोन पर 17 सितंबर की शाम सात बजकर 56 मिनट पर व्हाट्सएप कॉल आई। रेस्तरां में काम करने वाली कुमकुम ने कॉल रिसीव की। कॉलर ने खुद को कुख्यात अनिल दुजाना का गुरु और अपना नाम बलराम ठाकुर बताया। कॉलर ने गाली गलौज कर धमकी दी कि अपने मालिक को बता देना कि कल तक 50 लाख रुपये का इंतजाम कर ले।
धमकी दी कि रुपये न देने पर परिवार सहित उसे गोलियों से भून दिया जाएगा। बताया कि अब वह जेल से बाहर आ गया है। पीड़ित ने सिहानी गेट थाने में आरोपी कॉलर बलराम ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके काॅल के कुछ मिनट बाद ही करीब आठ बजे लोहा मंडी स्थित अभिषेक स्टील्स के मालिक अभिषेक गोयल को कॉल कर बलराम ठाकुर ने 25 लाख रुपये का इंतजाम करने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक उनके मोबाइल फोन पर 17 सितंबर की रात आठ बजे एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉलर ने अपना नाम बलराम ठाकुर और कुख्यात अनिल दुजाना का गुरु बताया।
कॉलर ने सरियों के कारोबार में मोटा धन होने की बात कही। धमकी दी कि कल 25 लाख रुपये लेकर आ जाना, नहीं आने पर कारोबारी और उनके पिता को दुकान में घुसकर गोली मार दी जाएगी। इसके बाद कॉलर ने डिस्कनेक्ट कर दी। रंगदारी की धमकी से घबराए कारोबारी अभिषेक गोयल ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा का आश्वासन दिया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दोनों पीड़ितों की तहरीर पर बलराम ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी कॉलर को खोजा जा रहा है।
बता दें कि बदमाश अनिल दुजाना को मई 2023 में यूपी एसटीएफ ने मेरठ में हुई मुठभेड़ में ढेर किया था। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने मामलों से जुड़े गवाहों को धमकी दे रहा था।