दिल्ली-नोएडा के बाद अब गाजियाबाद में भी डेंगू के लार्वा मिलने से स्वास्थ्य विभगा में हड़कंप मच गया है। मलेरिया विभाग की टीम को गाजियाबाद में पीडब्ल्यूडी के सर्किट हाउस और टीएचए की पॉश कॉलोनी कौशांबी समेत 12 स्थानों पर डेंगू के लार्वा मिले हैं। टीम ने एंटी लार्वा का छिड़काव कर इन लार्वा को नष्ट कर दिया।
हाल ही में दिल्ली-नोएडा में मिले डेंगू के लार्वा के मद्देनजर मलेरिया विभाग ने सर्वे अभियान चला रखा है। मंगलवार आधी रात को हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह सर्वे टीम को शहर में अलग-अलग स्थानों पर एक के बाद एक डेंगू के लार्वा मिले तो हड़कंप मच गया। जीटी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी के उस सर्किट हाउस में भी डेंगू के लार्वा मिले, जहां आए दिन वीआईपी आकर रुकते हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने बताया कि सर्वे टीम को कौशांबी, पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस, भोवापुर और राजपुर समेत कुल 12 स्थानों पर डेंगू के लार्वा मिले हैं। सभी जगहों पर तत्काल एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया और लार्वा का नष्ट कर दिया गया। जीके मिश्रा ने बताया कि उनका सर्वे अभियान अब और तेज किया जाएगा। इसके लिए नई टीमों का गठन भी किया जाएगा।
दो माह पहले ही मिला लार्वा, टेंशन में अधिकारी:
विशेषज्ञों की माने तो डेंगू का लार्वा आमतौर पर बरसात के बाद सक्रिय होता है। ऐसे में जुलाई के मध्य में डेंगू के केस देखने को मिलते हैं, मगर इस बार मई के शुरूआत में ही डेंगू के लार्वा मिलना वाकई टेंशन की बात है।
अस्पताल तैयार, जागरूकता से करें बचाव:
सीएमओ डा. अजेय अग्रवाल का कहना है कि डेंगू के इलाज को सरकारी अस्पताल पूरी तरह से तैयार हैं। हालांकि लोग जागरूक होकर खुद ही इससे बचाव कर सकते हैं। उनका कहना है कि अपने घर-ऑफिस के आसपास कहीं भी पानी एकत्र न होने दें। इसके अलावा कूलर आदि के पानी में एक ढक्कन केरोसिन डालकर भी डेंगू के लार्वा को पनपने से रोका जा सकता है।