पूर्व राज्यमंत्री के कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
मोदीनगर। चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। बीती देर रात चोरों ने पूर्व राज्यमंत्री के आफिस का ताला तोड़कर नगदी सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार को सवेरे आफिस पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।
नगर निवासी रामकिशोर अग्रवाल राजनीति में खासा रसूख रखते है। सपा सरकार ने उन्हे राज्यमंत्री का दर्जा दिया हुआ था। बताया गया कि दिल्ली-मेरठ रोड पर पेट्रोल पंप के समीप उनका आफिस है। बृहस्पतिवार सवेरे उनका कर्मचारी आफिस खोलने पहुंचा तो ताला टूटा मिला, जहां से चोरों ने एसी, लैंड लाइन फोन तथा अन्य उपकरण के अलावा 20 हजार की नगदी चुरा ली। जानकारी के बाद मौके पर पंहुचे रामकिशोर अग्रवाल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पंहुची पुलिस ने छानबीन कर कार्रवाई शुरू कर दी है।