हज हाउस के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री के दौरे से पहले नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने कमर कस ली है। डीएम निधि केसरवानी ने शुक्रवार को हज हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।सुबह करीब साढ़े 11 बजे डीएम निधि केसरवानी हज हाउस पहुंची
उनके पहुंचने से पहले ही नगर निगम, जीडीए, पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंच चुके थे। सीएम के दौरे के दौरान किसी तरह की कमी नहीं रहे, इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है। सीएम अखिलेश यादव के लिए मंच तैयार हो रहा है। हज हाउस के बाहर लोकार्पण शिला भी बनाई जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री समेत नगर विकास मंत्री का नाम लिखा जा रहा है।
डीएम ने हज हाउस के निरीक्षण के दौरान सीएम के लिए बनाए जा रहे मंच का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से चार सितंबर तक सभी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। करीब आधे घंटे तक डीएम हज हाउस में रहीं।
सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने लिया जायजा
एसएसपी केएस इमेनुएल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को एयरफोर्स स्टेशन से हज हाउस तक पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही हज हाउस के आसपास बनी बिल्डिंगों की छतों पर स्नाइपर भी तैनात किए जाएंगे। बिना जांच के कोई भी हज हाउस में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से करहेड़ा तक हटाया जा रहा मलबा
नगर निगम द्वारा बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने के बाद शुक्रवार को मलबा हटाने का काम किया। साथ ही हज हाउस तक सड़क की सफाई का काम भी तेजी से किया जा रहा है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर को हटाया जा रहा है, जिससे सीएम के दौरे के दौरान साफ-सफाई रहे। इसके अलावा सीएम अखिलेश यादव एयरफोर्स स्टेशन से हज हाउस तक सड़क के रास्ते पहुंचेंगे।
इसे देखते हुए सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जगह-जगह सड़कों के गड्ढों को भरकर पैच वर्क का काम किया जा रहा है। अवर अभियंता संजय गंगवार ने बताया कि चार तारीख तक काम पूरा कर लिया जाएगा।