मुरादनगर। फिल्म रेटिंग देने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने युवक से 28 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
राधेश्याम विहार कॉलोनी निवासी प्रदीप पांडे साहिबाबाद स्थित कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व मोबाइल पर फिल्म रेटिंग देने के लिए मैसेज आया। इसमें लिखा था कि घर बैठे रेटिंग देकर आप रुपये कमा सकते हैं। इसके बाद उनके पास लिंक आया और उस पर लगातार क्लिक करने के लिए बोला गया। जैसे ही प्रदीप ने भेजे गए लिंक पर कई बार क्लिक किया, इसके बाद उनके बैंक खाते से पांच बार में 28 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया।
इसके बाद उन्हें अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि साइबर पुलिस लगातार आम जनता को जागरूक करने का काम कर रही है। तहरीर पर जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।