कौशांबी। थाना क्षेत्र में लाइफ पेंशन सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की एवज में ठगों ने बुजुर्ग राजेंद्र कुमार भंडारी के खाते से 5.64 लाख रुपये की ठगी कर ली। खाते से तीन बार ट्रांजेक्शन होने पर उन्हें ठगी का पता चला। कौशांबी पुलिस ने ठगी का मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाल रही है।
उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि पिछले साल नवंबर महीने में लाइफ पेंशन सर्टिफिकेट रिन्यू करा लिया था। उसके बावजूद दिसंबर माह में खाते में पेंशन नहीं आई। 11 जनवरी को उन्होंने बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन कर मदद मांगी तो केंद्र के अफसर ने दूसरे व्यक्ति से बात कराई। कुछ देर बात करने के दौरान उनका फोन कट गया। आरोप है कि युवक ने अपने मोबाइल नंबर से उन्हें कॉल की और सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की एवज में एक एप डाउनलोड कराया। इस तरह युवक ने उनसे कई अलग-अलग तरह की प्रक्रिया कराई। इस बीच उनके खाते से तीन बार में 1.94 लाख, 1.94 लाख और 1.76 लाख रुपये की कुल पांच लाख 64 हजार की गलत ट्रांजेक्शन कर ली। फोन पर पैसे कटने का मैसेज आने से उन्हें शक हो गया। तुरंत बैंक को ठगी की शिकायत बताकर पैसे खाते में डालने की गुहार लगाई लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद कौशांबी पुलिस के पास जाकर ठगी का मुकदमा कराया।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि ठगी करने वालों को जल्द पकड़ा जाएगा।