मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर ऑटो सवार चोरों ने एक महिला यात्री का बैग चोरी कर लिया। बैग में गहने और नकदी थी। महिला मोदीनगर के राज चौपले से सवार होकर मेरठ जा रही थी। जनपद की सीमा पार करने के बाद मोहिउद्दीनपुर पहुंचने पर महिला को घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद मेरठ और मोदीनगर पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। जनपद मेरठ के जानी स्थित गांव लाेहड़ा निवासी प्रीति मेरठ जाने के लिए मोदीनगर के राज चौपले से ऑटो में सवार हुई। चालक ने बैग ऑटो में पीछे की ओर रख दिया। मोहिउद्दीनपुर पहुंचने पर प्रीति ने बैग गायब देखा तो भौंचक्की रह गईं। प्रीति ने मोहिउद्दीनपुर चौकी पर मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामला मोदीनगर क्षेत्र का बताकर वहां से टरका दिया। प्रीति मोदीनगर थाने पहुंची तो वहां भी उसे गोलमोल जबाव मिला। कारवाई के लिए प्रीति मोदीनगर और मेरठ पुलिस के चक्कर काटती रही। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद