माई सिटी रिपोर्टर
कौशांबी। वैशाली निवासी जुल्फिकार ने अपने परिचित मसूरी के नाहल निवासी मुल्लाफजर और हापुड़ के धौलाना निवासी मोहम्मद अहमद पर 21 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। बताया कि आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार में निवेश के नाम रुपये ऐंठे। पीड़ित ने रुपये मांगने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दो महीने बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस तहरीर देकर जुल्फिकार ने बताया कि अक्तूबर 2022 में उनके परिचित मुल्ला फजर और उनके साझेदार मोहम्मद अहमद ने उन्हें प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। हापुड़ के पिपलैड़ा गांव में 4800 वर्ग गज भूमि खरीदकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने और उसमें मुनाफा या प्लॉट देने का झांसा दिया। साथ ही निवेश के लिए 25 लाख रुपये की मांग की। बताया कि उन्होंने 21 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन आरोपियों को दे दिए। दिसंबर 2023 तक आरोपियों ने न मुनाफा दिया और न ही प्लॉट। जब उन्होंने रकम वापस मांगी तो जनवरी 2024 में दो चेक दिए जो बाउंस हो गए।
आरोप है कि 25 जुलाई 2024 को आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे और रुपये मांगने पर पत्नी समेत जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। पीड़ित ने 12 नवंबर 2024 को पुलिस से लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच शुरुआती जांच कराने के बाद मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जांच चल रही है। बैंक से भी भुगतान की जानकारी मांगी गई है।