गाजियाबाद। साइबर ठगों ने घर बैठे कमाई करने का झांसा देकर हिंडन विहार निवासी अरशद सैफी से 18.90 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने होटल की साइट पर रिव्यू करने का टास्क देकर ठगी की। शुरुआत में ठगों ने टास्क पूरा करने पर 100 रुपये देने की बात कहकर वारदात की। ठगों ने आठ खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
अरशद का कहना है कि 21 मई को टेलीग्राम पर एक मैसेज आया जिसके बाद उन्हें बताया गया कि कंपनी मार्केटिंग का काम करती है। होटल की साइट पर रिव्यू करने का टास्क पूरा करने पर रुपये दिए जाएंगे। प्रति रिव्यू 100 रुपये मिलेंगे। इसके बाद शातिरों ने ज्यादा कमाई का झांसा देकर कुछ पेड टास्क के बारे में बताया और अलग-अलग टास्क देकर रुपये लेने शुरू किए। कुछ टास्क के बाद उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने और टास्क पूरे करने पर ही रकम निकाल पाने का नियम बताया। इसके लिए उन्होंने दोस्तों से कर्ज लेकर रुपये निवेश किए। करीब 18.90 लाख रुपये देने के बाद ठगी का एहसास हुआ। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि जिन खातों में ठगी की रकम गई है। उनकी जानकारी निकलवाई जा रही है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने के लिए टीम लगी है।