गाजियाबाद। साइबर ठगों ने इंदिरापुरम और कविनगर के रहने वाले दो लोगों से 13.10 लाख रुपये ठग लिए। इंदिरापुरम के रहने वाली एक महिला से एफआरसीए (विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम) के पंजीकरण के नाम पर और कविनगर की रहने वाली अध्यापिका से उनके नाम से विदेश से कुरियर आने का झांसा देकर ठगी की है। दोनों में साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
इंदिरापुरम के रहने वाले कुमार कुनाल का कहना है कि उनकी पत्नी डॉक्टर प्रेरणा पूंज से साइबर ठगों ने ठगी की। उनकी पत्नी ने यूके में एफआरसीए के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद उनके पास कॉल आने लगी। एक कॉलर ने खुद को एफआरसीए का एग्जामिनर डॉक्टर एंडरसन बताकर पंजीकरण कराने का दावा किया। प्रक्रिया शुरू करने के बाद उसने अलग-अलग तरीके से रकम मांगनी शुरू की और कई बार में करीब चार खातों में 6.20 लाख रुपये ले लिए। उनका काम नहीं हुआ तो उन्हें ठगी का पता चला।
वहीं, शास्त्री नगर की रहने वाली शिक्षिका विल्सन रानी का कहना है कि उनके पास एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को कुरियर कंपनी से बताया और कहा कि उनके नाम से विदेश से कुरियर आ रहा है। जिसमें गिफ्ट और कुछ करेंसी है। इसके बाद उन्होंने उसे डिलीवर करने के नाम पर नियम शर्त बताकर कुछ रकम ट्रांसफर करा ली। इसके बाद उन्होंने झांसे में लेकर कई बार में करीब पांच खातों में 6.90 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। उन्हें जब ना कुरियर मिला और न रकम वापस मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद का कहना है कि दोनों मामलों में टीम जांच कर रही हैं। ठगी गई रकम को फ्रीज करने का प्रयास किया जा रहा है।