महंत मुकेश गिरी के खिलाफ चार्जशीट तैयार
मुरादनगर। महंत मुकेश गिरी के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। इसे कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। मामला गंगनहर घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाने का है। पुलिस की जांच में आरोप सही पाए गए हैं। पुलिस ने छह महीने की जांच के बाद आरोप पत्र तैयार किया है।
मुकदमा 21 मई को दर्ज कराया गया था। एक महिला का आरोप था कि महंत ने कपड़े बदलने के कमरे में कैमरा लगा रखा है। यह उनके मोबाइल फोन से कनेक्ट है। वह इसकी शिकायत करने पहुंचीं तो महंत मोबाइल में कैमरे की फुटेज देख रहे थे। केस दर्ज होते ही मुकेश गिरी फरार हो गया था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन बरामद किया था। इसमें 300 से अधिक फुटेज मिलीं थीं।
पुलिस ने मुकेश गिरी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आया। उस पर एक लाख का इनाम घोषित किया। बाद में उसे हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है। चार्जशीट जल्द कोर्ट में दाखिल की जाएगी।