हापुड़ चुंगी स्थित सीजीओ कांप्लेक्स में एक बार फिर से मिनी पीएसके शुरू होने जा रहा है। माना जा रहा है कि ईद के बाद किसी भी दिन विदेश राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के सांसद वीके सिंह इस मिनी पीएसके का शुभारंभ कर सकते हैं। इस सबमिशन सेंटर के शुरू होने के बाद यहां प्रतिदिन करीब 250 आवेदन जमा किए जाएंगे।
गाजियाबाद पासपोर्ट आफिस से वेस्ट यूपी के 13 जिलों आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, बुलंदशहर, नोएडा, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के आवेदकों को पासपोर्ट जारी किए जाते हैं।
प्रतिदिन करीब एक हजार से ज्यादा लोगों को ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट दिए जाने के बाद सभी को साहिबाबाद में बिजनेस पार्क स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र की दौड़ लगानी पड़ती है। वर्तमान समय में हज यात्रा और एजूकेशन मामलों के चलते पासपोर्ट आवेदकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
ऐसे में लोगों को कई-कई दिनों के बाद की अप्वाइंटमेंट मिल पा रही हैं। अप्वाइंटमेंट के लिए वेटिंग की समस्या को दूर करने के लिए अब पासपोर्ट विभाग ने गाजियाबाद में भी मिनी पीएसके शुरू करने का फैसला किया है।
इसके लिए तीसरी मंजिल पर स्थित कैंपस में चार सेटअप लगाए जाने की शुरूआत कर दी गई है। प्रतिदिन करीब 250 ऑनलाइन आवेदक को जल्द ही इस मिनी पीएसके के लिए भी अप्वाइंटमेंट जारी की जाएंगी।
हालांकि अभी यह तय नहीं है कि यहां किन-किन जिलों के आवेदकों को अप्वाइंटमेंट मिल सकेगी। बता दें कि पहले भी हापुड़ चुंगी पर मिनी पीएसके शुरू किया गया था, मगर कुछ माह संचालन के बाद इसे बंद कर दिया गया था।