एमएमजी अस्पताल में सर्जिकल वार्ड के सामने गैलरी में छत का प्लास्टर गिरने के बाद अलमारी लगाकर बं
गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में बुधवार सुबह बड़ा हादसा बच गया। वार्ड के शौचालय की छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इसके साथ नीचे लगी फॉल सीलिंग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना से वार्ड में मौजूद मरीजों व तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे भी वार्ड की छत का प्लास्टर टूटकर गिरा था। बुधवार सुबह एमएस डॉ. पंकज शर्मा और सिस्टर इंचार्ज हिना विक्टर क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान छत का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। घटना की सूचना तत्काल सीएमएस डॉ. राकेश कुमार को दी गई।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को अस्पताल के सभागार में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। प्रशासन ने क्षतिग्रस्त कॉरिडोर की बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। हालांकि, इसके बावजूद कुछ मरीज और तीमारदार बैरिकेडिंग पार कर पैथोलॉजी लैब की ओर जाते दिखाई दिए।
सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मरीजों के उपचार में कोई बाधा न आए, इसके लिए अस्पताल में वैकल्पिक वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।