संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। आंबेडकर रोड स्थित शांति एंटरप्राइजेज नाम से सेनेटरी व हार्डवेयर के शोरूम में घुसकर चोर ने अलग-अलग तीन गल्लों से 12.80 लाख की नकदी चोरी कर ली।
दिन रात चलने वाली इस सड़क से सटे शोरूम में चोर दो होर्डिंग्स पर चढ़कर दूसरी मंजिल तक पहुंचा और पड़ोसी की दीवार पर खड़े होकर शोरूम के बाहर लगे फाइबर से बनी दीवार को काटकर अंदर दाखिल हुआ।
सीसीटीवी में कैद चोर केवल उन्हीं स्थानों पर पहुंचा जहां नकदी रखी थी। अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोर प्रतिष्ठान में काम कर चुका है या कई दिनों तक रेकी की गई है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि शोरूम संचालक तरुण शर्मा के मुताबिक वह कई कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर गल्ले का ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे दो दिन के सेल का कैश करीब 12.80 लाख रुपये गायब था।
कुछ पैसे शोरूम में बने मंदिर में भी रखे थे। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि करीब पौने एक बजे एक चोर दुकान में घुसा और गल्ले का ताला तोड़कर नकदी चोरी कर ले गया। तरुण शर्मा ने बताया कि पड़ोस की दीवार के जरिए चोर छत पर पहुंचा।
वहां लगे बोर्ड को काटकर चोर तीसरी मंजिल से सीढ़ियों के रास्ते दुकान में आया और फिर वारदात को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट व अन्य नमूने लिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द शातिर चोर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
प्रतिष्ठान से परिचित था चोर : एसीपी नंदग्राम ने बताया कि चोर प्रतिष्ठान से परिचित था। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि चोर जब अंदर आया तो वह इधर-उधर नहीं भटका बल्कि सीधा गल्ले पर पहुंचा।
उसने लोहे की रॉड व प्लास से गल्ले का लॉक तोड़कर नकदी चुरा ली और चला गया। प्रतिष्ठान 1976 से संचालित है, पूर्व में तरुण कुमार के पिता जयकिशन शोरूम का संचालन करते थे। इस शोरूम में पांच से छह युवक नौकरी करते हैं। पूर्व कर्मियों का इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस को शक है कि पूर्व कर्मचारी या संचालकों के परिचित ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
व्यापारियों में आक्रोश : शांति एंटरप्राइजेज के संचालक तरुण शर्मा अखिल उद्योग व्यापार के मंडल प्रभारी भी हैं। शोरूम में चोरी की घटना की जानकारी मिलते व्यापारी मौके पर पहुंचे और घटना के खुलासे की मांग की।