मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग स्थित सोनिया विहार रेगूलेटर के समीप बाइक सवार बदमाशों ने काम से लौट युवक को बंदूक दिखाकर मोबाइल, नकदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को पीटकर नहर में फेंकने का प्रयास किया। किसी तरह युवक ने अपनी जान बचाई और पुलिस को मामले की सूचना दी।
कस्बा पतला निवासी हिंमाशु उर्फ बंटी गाजियाबाद स्थित दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। हिंमाशु सोमवार रात ड्यूटी से घर लौट रहे थे। इस दौरान दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर उन्हें जबरन रोक लिया। एक बदमाश ने हिंमाशु की कनपटी पर बंदूक तान दी और दूसरे ने उनसे बैग, मोबाइल व बाइक लूट ली। बैग में सात हजार की नकदी व कंपनी के आवश्यक दस्तावेज थे। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के अनुसार लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।