मोदीनगर। न्यायालय के आदेश पर तीन महीने पहले युवक पर जानलेवा हमले के मामले में थाना पुलिस ने पांच नामजद सहित नौ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। युवक ने पुलिस पर आरोपियों से सांठ-गांठ के कारण केस नहीं दर्ज करने का आरोप लगाया।
मूलरूप से शामली के गढ़ीपुख्ता निवासी पियूष मोदीनगर के गांव रोरी में रिश्तेदारों के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है। बताया कि जनवरी 2024 में वह अपने दोस्त वंश के साथ सारा मार्ग होते हुए स्कूटी से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गोविंदपुरी इंटर कालेज के समीप पहुंचा तभी कार सवार युवकों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मारी दी। इस बात को लेकर उनसे कहासुनी हो गई। पियूष और वंश किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले। इसके बाद आरोपी पक्ष के करीब नौ लोगाें ने चाऊमीन चौक के समीप उन्हें घेर लिया । लाठी डंडों से बुरी तरफ पीटा और ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। पियूष ने पुलिस से मामले की शिकायत की, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पियूष ने न्यायालय का सहारा लिया।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि आयूष वर्मा, उदय, शानू, लक्ष्य व हर्ष त्यागी और करीब चार अज्ञात के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमले सहित कई अलग-अलग धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।