मुरादनगर। जलालपुर में ग्राम सभा की बंजर भूमि दिखाकर सात लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में पूर्व प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया।
ईदगाह रोड निवासी संजय कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके दामाद ने जलालपुर गांव निवासी एक व्यक्ति से 500 गज भूमि खरीदी थी, जिसका सौदा करीब दस लाख रुपये में हुआ था। अग्रिम के तौर पर 7 लाख रुपये दिए थे। बाकी रकम बैनामे के समय देना तय हुआ था। कुछ समय बाद संजय कुमार को पता चला कि जिस भूमि के सात लाख रुपये दिए हैं, वह ग्राम सभा की बंजर भूमि है। पीड़ित ने अपने रुपये मांगे तो आरोपी बहाना बनाकर टालते रहे। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि जलालपुर के पूर्व प्रधान ललित कुमार, कुलदीप व रविकांत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।