लोनी। गनौली गांव में झगड़े में बीच-बचाव करने गए एक बुजुर्ग और उनके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग का आरोप है कि इस घटना में आरोपियों ने डंडा मारकर उनका हाथ तोड़ दिया,जबकि नुकीले हथियार से बेटे का कान काट दिया। पीड़ित ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पीड़ित रतिराम की ओर से पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे वह घर पर थे, उसी दौरान पड़ोसी अशोक गांव के ही एक व्यक्ति की पिटाई कर रहा था। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचे और विरोध करने पर अशोक ने उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद वह उन्हें घसीटते हुए अपने घर की ओर ले जाने लगा। शोर सुनकर उनका बेटा देवेंद्र बचाने पहुंचा तो प्रदीप उर्फ मुस्सी ने उसके चेहरे पर नुकीली वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि देवेंद्र को पकड़कर सावित्री घर के अंदर खींचकर ले गई और उसका कान काट दिया। इसी दौरान जगत ने डंडे से हमला कर उनके हाथ की हड्डी तोड़ दी। ग्रामीणों ने दोनों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 13 नवंबर की सुबह भी कुछ हथियारबंद लोगों ने उनके घर में घुसकर धमकी दी और पथराव किया। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।