मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय युवती के खुदकुशी के मामले में पुलिस ने प्रेमी समेत कुल 24 आरोपियों के खिलाफ प्रताड़ना और खुदकुशी के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। तनाव को देखते हुए कॉलोनी में पुलिसबल गश्त कर रहा है।
नगर की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति और उनका पुत्र ऑटो चालते हैं। बीते मंगलवार को व्यक्ति की 24 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। युवती ने मंगलवार रात बिजली के केबल से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा तो परिजनों और लोगों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया था। युवती के भाई के अनुसार गुरुद्वारा रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी समीर ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसा रखा था। आरोप है कि आरोपी प्रेमी समीर ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया और उसके सारे गहने हड़प लिए थे। आरोपी प्रेमी को पांच दिन पहले कविनगर पुलिस चोरी के शक में उठा ले गई थी। आरोप है कि शादी से बचने और गहने हड़पने के लिए समीर के परिजनों ने युवती पर समीर को गायब करने का आरोप लगाते हुए प्रताड़ित किया था। आरोपियों ने पंचायत कर युवती को सरेआम अपमानित कर उसकी पिटाई भी की थी। आहत युवती ने अगले दिन बिजली के केबल का फंदा लगाकर जान दे दी थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार समीर, सोनू, अनस और सबिला निवासी गुरुद्वारा रोड व 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।