मोदीनगर। भोजपुर के गांव कलछीना में लगभग 28 दिन पूर्व हुई किशोर नाजिम की मौत के मामले में पुलिस ने एक युवती समेत पांच आरोपियों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि किशोर को युवती और उसके परिजन प्रताड़ित कर रहे थे। इससे परेशान होकर किशोर ने फंदे से लटककर जान दे दी थी।
गांव कलछीना निवासी इस्लाम का पुत्र नाजिम (17) बीती 18 अप्रैल को गांव में निर्माणाधीन एक मकान में फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया था। पिता इस्लाम ने बताया कि उनका बेटा नाजिम गांव निवासी एक युवती से बात करता था। युवती के परिजनों ने इसकी जानकारी लगने के बाद नाजिम को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। युवती भी परिजनों के कहने पर नाजिम को प्रताड़ित करने लगी थी। प्रताड़ना से परेशान होकर नाजिम से खुदकुशी कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने डीसीपी ग्रामीण से शिकायत की। डीसीपी ग्रामीण ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार युवती व उसके पिता इरफान के अलावा जावेद, रिजवान और फिरोज उर्फ नेनू निवासी गांव कलछीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।