कौशांबी। वैशाली सेक्टर-5 के कल्पना अपार्टमेंट में मीडियाकर्मी के फ्लैट के नीचे खड़ी कार को चोरों ने चोरी कर लिया। चोरी की घटना 26 मार्च को सुबह पांच बजे की है। वाहन मालिक ने 29 मार्च को 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कौशांबी पुलिस ने 12 दिन बाद चोरी का मुकदमा दर्ज किया।
शिकायतकर्ता कुणाल विश्वास ने पुलिस को बताया कि 23 मार्च को गाड़ी घर के नीचे खड़ी की थी। 24 मार्च को वह होली मनाने अपने ससुराल दिल्ली शकूरपुर में परिवार को लेकर चले गए थे। 29 मार्च की सुबह दस बजे पार्किंग में गाड़ी नहीं थी। उनके होश उड़ गए। तुरंत आसपास गाड़ी को चेक किया लेकिन वह नहीं मिली। पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करके पीड़ित को गाड़ी जल्द ढूंढने का आश्वासन दिया। सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि सफेद रंग की गाड़ी से आए चोरों ने उनकी कार का ताला तोड़कर उसे चुरा ले गए। इसके बाद वैशाली चौकी पर पुलिस को शिकायत दी लेकिन वहां पर ई-एफआईआर करने की सलाह देकर घर भेज दिया गया। एक सप्ताह बाद भी उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो कौशांबी थाने जाकर मुकदमा कराया। कौशांबी पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चोरोंं की पहचान करने में जुटी है।