मसूरी। क्षेत्र के गांव नाहल में विवाहिता नजराना को उनके पति और देवर ने बेरहमी से पीटा। मामले में इस्तकार ने मसूरी थाने में नजराना के पति नाजिम और देवर अफजाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस्तकार का आरोप है कि उनकी भतीजी नजराना को 26 अगस्त को उनके पति व देवर ने पीटा। नजराना ने अपने भाई को कॉल कर आपबीती बताई। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर नजराना को अस्पताल में भर्ती कराया और मुकदमा दर्ज कराया है।
चार के खिलाफ मुकदमा
मसूरी। मसूरी निवासी महराज ने गांव के चार युवकों पर उनके बेटे व साली के बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।महराज ने बताया कि उनका रुपये के लेनदेन को लेकर कामिल, साकिब, आमिल और आकिब के साथ विवाद हो गया था। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा विजयनगर क्षेत्र के कैलाशनगर निवासी फरहा ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली गलौज करने और मारपीट कर धमकी देने का आरोप लगाया है। फरहा ने विजयनगर थाने में फैजान, रुकिया, सानिया और अफजल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्लॉट पर कब्जा करने के प्रयास
गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के नंगला फिरोजमोहनपुर निवासी लोकेश के प्लॉट पर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाउंड्री वॉल कराने के लिए जाने पर आरोपी गाली गलौज कर धमकी देकर भगा देता है। मामले में लोकेश ने नंदग्राम थाने में जोगिंद्र उर्फ योगिंद्र के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शिकायत में लोकेश ने बताया कि उन्होंने मई 2016 में देवेंद्र शर्मा से प्लॉट खरीदा था जिसका दाखिल खारिज भी कराया था। नौ साल से प्लॉट पर उनकी ही बाउंड्री वॉल है। आरोप है कि अब वह प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे हैं तो जोगिंद्र वहां आया और उन्हें भगा दिया। इसके बाद प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी गाली गलौज कर भगा देता है और जान से मारने की धमकी देता है। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।