साहिबाबाद। राजेंद्रनगर सेक्टर-पांच निवासी बिल्डर निशांत चौधरी ने पड़ोसी नरेश पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मकान की मरम्मत कराने के बाद भुगतान न करने और उनके ही प्लॉट पर हो रहे निर्माण कार्य के अवैध होने की झूठी खबर फैलाकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निशांत चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर पांच स्थित प्लॉट में निर्माण कार्य करा रहे हैं। पास में रहने वाले नरेश ने उनसे अपने मकान में मरम्मत कार्य कराने को कहा। जिसमें पांच लाख रुपये का खर्च आया। जब उन्होंने नरेश से अपना पैसा मांगा तो पहले आरोपी ने टाल मटोल शुरू कर दी। फिर दो दिन का समय मांगते हुए बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करने का वादा किया, लेकिन भुगतान नहीं किया।
जब तकादा हुआ तो आरोपी ने अपने मकान की दीवार पर होर्डिंग लगा दिया। जिस पर लिखा था कि उनके मकान के पड़ोस में स्थित प्लाट पर अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे सील किया जा चुका है। यहां अगर कोई फ्लैट या फ्लोर की खरीदारी करता है तो वह गैर कानूनी होगा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो नरेश ने उन्हीं से 10 लाख रुपए और कार की मांग रख दी। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।