आरोप है कि एक साल में 10 करोड़ रुपये वापस करने का लालच देकर रेमो डिसूजा ने गाजियाबाद के कारोबारी सत्येंद्र त्यागी से फिल्म में पांच करोड़ लगवाए। रुपये वापस मांगने पर अंडरवर्ल्ड डॉन प्रसाद पुजारी से धमकी दिलाई। कारोबारी ने गाजियाबाद के सिहानी गेट थाने में आठ साल पहले केस दर्ज कराया था। रेमो ने इसी केस को रद्द करने की याचिका हाईकोर्ट में लगाई थी।
16 दिसंबर 2016 को केस दर्ज हुआ
सत्येंद्र त्यागी ने रेमो के खिलाफ 16 दिसंबर 2016 को केस दर्ज कराया। प्रसाद पुजारी से धमकी दिलाने के मामले में पुलिस ने जांच की। इसके बाद रेमो डिसूजा और प्रसाद पुजारी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 और 386 के तहत गाजियाबाद की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद अदालत ने रेमो को उपस्थित होने के लिए समन जारी किया।
आठ जुलाई 2024 को रेमो आपराधिक कार्रवाई रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट पहुंचे। उनके वकील की ओर से तर्क दिया गया कि रेमो डिसूजा को गलत फंसाया गया है। कारोबारी सत्येंद्र के वकीलों ने उनके तर्क का विरोध किया। कोर्ट ने शुक्रवार को दोनों पक्षों के तर्क सुने, इसके बाद याचिका खारिज कर दी।