कौशांबी। कोटक महिंद्रा बैंक के अधिकारी सोमेश सुंदरियाल की तहरीर पर सेक्टर चार वैशाली स्थित लीला होम्स अपार्टमेंट की निर्माता कंपनी मैसर्स श्रृंखला कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. के निदेशक अजय चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके अलावा मैसर्स ब्लैक ग्रेवाल इंफ्राकॉन प्रा. लि. के निदेशक रामानुज कुमार और पश्चिमी दिल्ली के निजामुद्दीन निवासी ऋषि कपूर और उनकी पत्नी गीतांजलि को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। सभी पर 4.52 करोड़ रुपये का ऋण (लोन) फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्वीकृत कराने का आरोप है। पुलिस थाने से लेकर अधिकारियों तक शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है।
कोटक महिंद्रा बैंक के अधिकारी सोमेश सुंदरियाल ने अपनी शिकायत में बताया कि ऋषि कपूर व उनकी पत्नी गीतांजलि कपूर ने पंजाब नेशनल बैंक हाउसिंग फाइनेंस लि. से 4.52 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था। साल 2014 में यह लोन खाता कोटक महिंद्रा बैंक में ट्रांसफर हुआ था। बताया कि यह लोन दंपति ने वैशाली सेक्टर चार स्थित लीला होम्स में बनी पांच दुकानों को खरीदने के दौरान लिया था। दंपति ने ये दुकानें मैसर्स ब्लैक ग्रेवाल इंफ्राकॉन प्रा. लि. के निदेशक रामानुज कुमार से खरीदी थीं। इससे पहले रामानुज की कंपनी ने साल 2008 से 2012 के बीच लीला होम्स की निर्माता कंपनी मैसर्स श्रृंखला कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. के निदेशक अजय चौधरी से खरीदी थीं। आरोप है कि प्रोजेक्ट के पास नक्शे के खिलाफ बनाकर गलत तरीके से दुकानें बेचीं और फिर दंपति ने संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन लिया, जिसकी एक भी किश्त का भुगतान नहीं हुआ।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरूआत से लेकर अभी तक हुई खरीद-फरोख्त के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।