वेव सिटी लालकुंआ क्षेत्रांतर्गत जीटी रोड पर एक अज्ञात वाहन चालक की गंभीर लापरवाही के कारण हुए हादसे में घायल बाइक सवार व्यक्ति की एक सप्ताह बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में पीड़ित के छोटे भाई की शिकायत पर वेव सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छपरौला गौतमबुद्ध नगर के राज एन्क्लेव के रहने वाले पंकज शर्मा पुत्र चक्रवर्ती शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 मई की शाम करीब सवा 7 बजे उनके बड़े भाई पवन कुमार 40 पुत्र चक्रवर्ती शर्मा अपनी मोटरसाइकिल पर नोएडा से छपरौला लौट रहे थे। जब वे जीटी रोड पर राज कंपाउंड के पास पहुंचे, तो वहां सड़क पर एक वाहन बिना किसी इंडिकेटर या सिग्नल के खड़ा था।
आरोप है कि इसी दौरान वाहन के चालक ने घोर लापरवाही बरतते हुए अचानक ड्राइवर साइड का दरवाजा (गेट) खोल दिया, जिससे उसके भाई पवन कुमार की मोटरसाइकिल सीधे उस दरवाजे से टकरा गई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पवन कुमार को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बाद में ईएसआईसी सेक्टर-24, नोएडा रेफर किया गया।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते हुए 2 जून को इलाज के दौरान पवन कुमार की मृत्यु हो गई। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मृतक के छोटे भाई पंकज शर्मा की शिकायत पर आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, आरोपी चालक की पहचान के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।