इंदिरापुरम। राजहंस अपार्टमेंट निवासी शैल सिंह के गले से कार सवार बदमाश झपट्टा मारकर चेन छीनकर भाग गए। वारदात 16 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे हुई। महिला के नाती राजहंस निवासी ईशान सिंह की तहरीर पर इंदिरापुरम पुलिस ने 17 अप्रैल की रात प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
ईशान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी नानी शैल सिंह शिप्रा सनसिटी स्थित शॉपिंग स्टोर पर खरीददारी करने गई थीं। घर लौटते समय स्टोर से कुछ ही दूरी पर पीछे से एक कार उनके पास पहुंची। कार में बैठे एक बदमाश ने साइड में आकर चेन पर झपट्टा मारा और भाग गए। घटना के बाद नानी घर पहुंची और पूरी बात बताई। इसके बाद नानी को थाने ले जाकर तहरीर दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कार का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जाएगी।