साहिबाबाद। करहैड़ा गांव निवासी नरेंद्र के साथ एक युवक ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसने उनका कान काटकर अलग कर दिया। आरोपी उन्हीं की गली में रहने वाला भोला है। मामला 15 अप्रैल की रात का है। साहिबाबाद पुलिस ने 17 अप्रैल की रात प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात करीब 9ः30 बजे वह बेटे सोनू के साथ बाजार से खरीददारी करके घर लौट रहे थे। जब वह गली के मुहाने पर पहुंचे तो उन्हें भोला आता हुआ मिला। आरोप है कि भोला ने उनको देखकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध किया तो उसने मारपीट करनी शुरू कर दी। उसी दौरान आरोपी भोला ने दांत से उनका कान काटकर अलग कर दिया। शोर सुनकर परिजन और राहगीरों ने उनको बचाकर अस्पताल पहुंचाया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि आरोपी भोला को गिरफ्तार कर लिया है। उसने शराब के नशे में कान काटने की बात स्वीकार की है। कोर्ट में पेश किया गया और वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।