छतारी। थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एनएच 509 पर एक सड़क हादसा हुआ। पंड्रावल दोराहे के पास अचानक नीलगाय के रास्ते में आ जाने से एक कार उससे टकराकर खाई में गिर गई। गनीमत रही कि कार में सवार परिवार के पांचों सदस्य सुरक्षित रहे, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं। इस हादसे में नीलगाय की मौत हो गई।
विज्ञापन
छतारी थाना प्रभारी ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे राहगीर से सूचना मिली थी। उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अलीगढ़ जनपद के सिकंदरपुर भुक्रावली निवासी कपिल अपनी पत्नी अलका, साली शिवानी और सास-ससुर के साथ कार में थे। उन्हें खाई से बाहर निकाला गया। कपिल डिबाई क्षेत्र के सहदवां गांव से भाईदूज का त्योहार मनाकर घर लौट रहे थे।
राहगीरों की मदद से कार को खाई से बाहर निकाला गया। कपिल अपने परिवार को लेकर दूसरी कार से अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। क्षतिग्रस्त कार को मैकेनिक की दुकान पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में मृत नीलगाय को ग्रामीणों की मदद से मार्ग किनारे दफना दिया गया।