लोनी। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में पंचलोक रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से बाइक सवार दो भाई घायल हो गए। हादसे में सुरेश के सिर और पैर में गंभीर चोट आई है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की शिकायत ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस से की गई है।
दौलत नगर कॉलोनी अगरौला निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अगस्त को वह अपने भाई सुरेश के साथ बाइक पर पंचलोक रोड से घर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में तेज गति से आई फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई घायल हो गए। उनको कम चोट आई, जबकि सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि कार चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। सोनू ने पुलिस को बताया कि हादसे से संबंधित कुछ वीडियो और फोटो उसके पास हैं। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद