गाजियाबाद। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में अब मरीजों-तीमारदारों को भोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल शुरू होने के लगभग 16 वर्ष बाद मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए कैंटीन की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे अस्पताल में आने वाले लोगों को परिसर में ही सस्ता, स्वच्छ और घर जैसा भोजन उपलब्ध हो सकेगा। अस्पताल प्रशासन ने कैंटीन संचालन के लिए सहायता समूह को स्थान उपलब्ध करा दिया है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
वर्तमान में संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को अस्पताल की मेस से भोजन उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भोजन के लिए अस्पताल परिसर से बाहर जाना पड़ता है। बाहर मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
इसी समस्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अस्पताल परिसर में कैंटीन स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके बाद प्रशासन ने प्रेरणा सहायता समूह को कैंटीन संचालन की अनुमति प्रदान की, लेकिन उपयुक्त स्थान नहीं मिलने के कारण योजना लंबे समय तक लंबित रही।
अब ट्रॉमा सेंटर के समीप कैंटीन के लिए स्थान चयनित कर सहायता समूह को उपलब्ध करा दिया गया है। समूह ने लोहे के पाइपों के माध्यम से अस्थायी ढांचा तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कैंटीन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि कैंटीन का सबसे अधिक लाभ ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा। अस्पताल में प्रतिदिन 800 से 1,000 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। कई मरीज जांच के लिए खाली पेट आते हैं। ऐसे में जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल परिसर में ही भोजन की सुविधा मिल सकेगी।