उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की पहली पाली रविवार को जिले के 44 केंद्रों पर हुई। तीसरे दिन आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने पहले दो दिनों के मुकाबले प्रश्नपत्र को सरल बताया। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि इस बार डेटा इंटरप्रिटेशन (डीआई), सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के सवालों ने ज्यादा नहीं उलझाया। बीते दो दिनों की परीक्षाओं में इन विषयों के सवालों को कठिन बताया जा रहा था, लेकिन रविवार को इनका स्तर सामान्य रहा। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे खिले नजर आए।
अमरोहा से आए गाजी अब्बास ने बताया कि बीते साल के मुकाबले इस बार का पेपर काफी आसान लगा। रीजनिंग के सवाल बहुत सरल थे। कोडिंग-डिकोडिंग और संख्या श्रृंखला जैसे प्रश्नों को हल करने में परेशानी नहीं हुई। थोड़ा बहुत कठिन कहने लायक हिस्सा डीआई था, बाकी पेपर आसान रहा। अमरोहा से आए शाकुल यादव ने बताया कि हिंदी के सवाल बहुत आसान थे। वह पहले भी एक बार पीईटी की परीक्षा दे चुके हैं। इस बार भी पेपर अच्छा रहा और उन्हें उम्मीद है कि वह परीक्षा उत्तीर्ण कर लेंगे। मुजफ्फरनगर से आए आलोक ने बताया कि पेपर में ऐसा कोई हिस्सा नहीं था, जिसे बहुत कठिन कहा जाए।
सामान्य ज्ञान की तैयारी की हो तो जीएस के सवाल भी आसान लगे। वहीं, अलीगढ़ से आए अतुल आनंद ने बताया कि पिछले दो दिनों से डीआई को मुश्किल बताया जा रहा था, लेकिन तीसरे दिन हुई परीक्षा में यह हिस्सा भी आसान रहा। ग्राफ, पाई चार्ट और तालिका पर आधारित सवालों को हल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। आयोग की ओर से पीईटी की परीक्षा इससे पहले 25 और 30 अक्तूबर को भी आयोजित की जा चुकी है। रविवार को तीसरे दिन भी जिले के 44 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा हो रही है। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। दोनों पालियों में करीब 40 हजार अभ्यर्थियों का पंजीकरण है। पहली पाली में कितने अभ्यर्थी उपस्थित हुए, इसके आंकड़े खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से जारी नहीं किए गए थे।
ऐसे सवाल पूछे गए
सामान्य ज्ञान: इतिहास, भूगोल, संविधान और सामान्य विज्ञान से जुड़े सवाल।
करंट अफेयर्स: वर्ष 2025-26 की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं, पुरस्कारों और महत्वपूर्ण उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न।
गणित: प्रतिशत, अनुपात, औसत और आयु पर आधारित सवाल।
डीआई: बार ग्राफ, पाई चार्ट और तालिका में दिए गए आंकड़ों पर आधारित प्रश्न।
हिंदी-अंग्रेजी: व्याकरण, शब्दों के अर्थ, विलोम और वाक्य सुधार।
रीजनिंग: कोडिंग-डिकोडिंग, संख्या श्रृंखला और तार्किक क्षमता से जुड़े सवाल।