रक्तदान कइयों की जिंदगी बचाता है। इस महादान के लिए कई ऐसी संस्था और लोग हैं जो स्वेच्छा से रक्तदान करने को तत्पर रहते हैं। रक्तदान के लिए शिविर तो लगाए ही जाते हैं, इसके अलावा ऐसे लोगों की भी लिस्ट होती है जो जरूरत के समय ऑन काल रक्तदान करते हैं।
इसके लिए एक वेबसाइट भी बनाई गई है। गाजियाबाद की इस वेबसाइट पर एक हजार से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। सरकारी ब्लड बैंक द्वारा एक हजार से अधिक लोगों का डाटा ब्लड बैंक की साइट पर अपलोड किया गया है जो लोग इमरजेंसी के वक्त रक्तदान करते हैं।
www.ghaziabad.nic.in पर 1050 लोग जुड़े हैं। जिनका नाम, पता, ब्लड ग्रुप और मोबाइल नंबर अपलोड है। इसमें सामान्य ब्लड ग्रुप के अलावा रेयर ब्लड ग्रुप के लोग शामिल हैं।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एके दुआ ने बताया कि जिसको भी इमरजेंसी में ब्लड की जरूरत होगी वह इनसे संपर्क कर सकता है। इस वेबसाइट से जुड़ने के इच्छुक व्यक्ति एमएमजी के ब्लड बैंक में संपर्क कर सकते हैं।
अमर उजाला अभियान से भी जुड़ रहे हैं लोग
महादान अभियान से जुड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को इस अभियान से जुड़ने के लिए लोगों के फोन आए। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी काफी उत्साह दिखा रहे हैं।
अगर आप भी अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर रक्तदान कैंप लगाना चाहते हैं तो 0120- 4694138 नंबर पर फोन कर सकते हैं। या फिर foundation@amarujala.com पर मेल भी कर सकते हैं।