खोड़ा। राजस्थान के दौसा से गुमशुदा साइबर कैफे संचालक बंटी राम बैखा (42) की खोड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत मुकदमा हुआ है। भाई ने दिल्ली पुलिस से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर 99 दिन बाद शिकायत दी। पुलिस घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। उन्होंने पुलिस से चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
राजस्थान के जिला दौसा तहसील महबा थाना बालाहेड़ी निवासी रामकेश बैखा ने बताया कि भाई बंटी राम बैखा साइबर कैफे की दुकान करते थे। वह उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने जाते थे। 14 फरवरी को अचानक बिना बताए वह गुमशुदा हो गया। परिजनों ने जनपद में हर जगह उनकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बालाहेड़ा थाना पुलिस को भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवारजन अपने स्तर से हर उन्हें तलाश रहे थे। 26 अप्रैल को जिपनैट साइट पर मृतकों की सूची में बंटी की फोटो देखी तो परिवार के पैराें तले जमीन निकल गई। पोर्टल पर बंटी की फोटो अज्ञात शव की पहचान के लिए अपलोड की गई थी। उन्होंने राजस्थान पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस को संपर्क किया।
दिल्ली जीटीबी अस्पताल में पहुंचे तो वहां से कागजात देखकर खोड़ा पुलिस का पता चला। इस दौरान जीटीबी अस्पताल से बंटी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाण पत्र एकत्रित किया। पिछले दिनों उन्हें राजस्थान, दिल्ली और खोड़ा पुलिस की मदद से पता चला कि 15 मार्च 2024 को भारतनगर में दुर्गा मंदिर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बंटी बुरी तरह घायल हो गए थे। पुलिस ने पहचान नहीं होने पर अज्ञात में उन्हें जीटीबी में भर्ती करा दिया था। वहां इलाज के दौरान 18 मार्च को मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने 22 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद अज्ञात शव का दाह संस्कार कर दिया। अब उन्होंने खोड़ा पुलिस से चालक की पहचान कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
15 मार्च को सड़क दुर्घटना में घायल अज्ञात युवक की इलाज के दौरान मौत के मामले में अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज हुआ है। परिजनों ने जिपनैट से पहचान की थी। घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। वाहन का नंबर और चालक की पहचान होने पर तलाश की जाएगी।
- स्वतंत्र कुमार सिंह, एसीपी इंदिरापुरम