पेटीएम से लेन देन कर रहे दुकानदार
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। नोटबंदी के बाद रेलवे स्टेशनों पर खाद्य वस्तुएं खरीदने में आ रही दिक्कतें अब खत्म हो जाएंगी। रेलवे स्टेशन पर अब पानी की बोतल खरीदो या चिप्स, भुगतान मोबाइल के जरिए कर सकेंगे। इसके लिए सभी फूड स्टाल संचालकों ने डिजिटल ट्रांजेक्शन की व्यवस्था कर ली है।
गाजियाबाद स्टेशन पर प्रतिदिन करीब डेढ़ से पौने दो लाख यात्री आते हैं। छुट्टे नोटों और नई करेंसी की कमी के चलते रेलवे स्टेशन के स्टाल संचालकों के साथ-साथ यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
20-30 रुपये का सामान लेने के लिए यात्रियों पर छुट्टे रुपए नहीं होते थे और 2000 का नोट लेना दुकानदारों के लिए मुश्किल हो रहा था। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की इस समस्या को देखते हुए दुकानदारों को डिजिटल ट्रांजेक्शन शुरू करने के निर्देश दिए थे।
अब अधिकांश स्टाल संचालकों ने ‘पेटीएम’ से भुगतान लेना शुरू कर दिया है। यानी अब छोले-भठूरे खाने हों, पानी की बोतल खरीदनी हो या चाय पीनी हो, रेलवे स्टेशन पर ऑनलाइन भुगतान करना मुमकिन हो गया है।